
जिला कौशल विकास समिति की बैठक,दक्ष उत्तरकाशी मॉडल तैयार करने की पहल,युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर।
जिला कौशल विकास समिति की बैठक में जिले में “दक्ष उत्तरकाशी मॉडल” तैयार करने की दिशा में अहम पहल की गई। जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थायी पदों के साथ-साथ ऐसे अस्थायी एवं आवश्यकता आधारित कार्य जिनकी विभिन्न विभागों को समय-समय पर जरूरत होती है,उनमें स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कृषि,उद्यान,प्लम्बर सहित अन्य ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से कार्य के अवसर उपलब्ध कराए जाए। इसके लिए जिला सेवायोजन अधिकारी को ऐसे युवाओं का चिन्हीकरण कर शिक्षा विभाग से उनकी सूची संकलित करने के निर्देश दिए।
वहीं राजकीय इंटर कॉलेजों में बैगलेस डे कार्यक्रम को हर माह के दूसरे और चौथे शनिवार को आयोजित करने पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तहत कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए एक्सपोजर विजिट,कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़े कार्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल से युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान मिलेगा और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर सृजित कर सकेंगे। साथ ही जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि राजकीय इंटर कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में समय समय पर कैरियर काउंसलिंग,कार्यशाला आयोजित की जाए। ताकि छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसरों और मार्गदर्शन की जानकारी मिल सके।
बैठक में परियोजना निदेशक अजय सिंह,मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा,जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली,जिला सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
