
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चौपाल लगाकर सुनीं डख्याटगाँव के लोगो की समस्याएं
डांडा गांव छानी से तटाऊ तक 3 किमी मोटर मार्ग की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट तलब की
नए आंगनबाड़ी भवन का प्रस्ताव तैयार करने और युवाओं के लिए खेल मैदान सुधारीकरण के दिए निर्देश
दो वर्षीय बालिका की आंख की समस्या पर डीएम की संवेदनशील पहल, मौके पर ही दिए जांच के निर्देश
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अपने दो दिवसीय यमुना घाटी भ्रमण के दौरान विकासखंड नौगांव के डख्याटगाँव स्थित मंदिर प्रांगण में ग्रामीण चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से सुना। चौपाल में ग्राम प्रधान बिशाल सिंह तथा ग्रामीणों द्वारा गांव के अवस्थापना विकास, पेयजल, शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मांग और समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।चौपाल में सड़क सुविधा के विषय पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने डांडा गांव छानी से तटाऊ महाविद्यालय तक स्वीकृत 3 किमी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में हो रहे विलंब पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिशासी अभियंता लोनिवि को सड़क की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। ग्रामीणों द्वारा गांव में प्राथमिक विद्यालय की जर्जर स्थिति, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र भवन की मांग से अवगत कराया। जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी नौगांव को नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। गाँव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे पड़े कार्यों के कारण बाधित हो रही जल आपूर्ति पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के लिए निर्देश दिए। चौपाल में गाँव के युवाओं की जरूरतों पर चर्चा के दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में खेल मैदान का व्यवस्थीकरण, समतलीकरण तथा युवाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रामीण चौपाल के दौरान एक महिला ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य को अपनी दो वर्षीय बालिका आराध्या की आंख से संबंधित समस्या के बारे में अवगत कराया। बालिका की कॉर्निया से संबंधित समस्या की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए मौके पर उपस्थित एसीएमओ को बालिका का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बालिका के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यकतानुसार अग्रिम चिकित्सा कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में अनियमितता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को सूची का पुनः पारदर्शी सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस दौरान रामलीला समिति के सदस्यों ने भी गांव की समस्या से अवगत कराया और समिति द्वारा सूक्ष्म अभिनय की प्रस्तुति दी जिसकी जिलाधिकारी और उपस्थित अधिकारियों और जनसमूह द्वारा सराहना की।इस दौरान बीडीओ नौगांव विजेन्द्र चौहान, एसीएमओ रमेश चंद्र आर्य, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, पीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
