
चारधाम यात्रा से पहले बड़ा मंथन—हितधारकों की समस्याएं सुनी, समाधान हेतु दिया आश्वासन
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आगामी चारधाम यात्रा के सफल, सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से होटल एसोसिएशन, टैक्सी एवं बस यूनियन सहित विभिन्न हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं को समय रहते सुदृढ़ करें।
यात्रा काल में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिला पूर्ति अधिकारी को गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में कोयला एवं लकड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय व्यवसाय और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उपस्थित हितधारकों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को भी विस्तार से रखा। यात्रा चेक पोस्ट पर स्थानीय वाहनों के संचालन में आने वाली समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि स्थानीय वाहनों के लिए आवश्यकतानुसार संचालन व्यवस्था को सरल एवं सुचारू बनाया जाए, ताकि अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न न हों और यातायात व्यवस्था संतुलित बनी रहे।
इस दौरान उपस्थित हितधारकों द्वारा यात्रियों की सीमित संख्या निर्धारित किए जाने की बाध्यता को समाप्त करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय में शासन स्तर पर वार्ता कर उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा, जिससे यात्रा से जुड़े सभी वर्गों को राहत मिल सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार, अजय पूरी, अशोक सेमवाल, शैलेन्द्र मटूडा, प्रकाश बद्री सहित अन्य हितधारक और अधिकारी उपस्थित रहे.
