
देहरादून में देर रात तक खुलने वाले पब, बार और रेस्टोरेंट अब सख्त कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं। एसएसपी देहरादून ने सभी संचालकों के साथ बैठक कर साफ कर दिया है कि तय समय के बाद प्रतिष्ठान खुले मिले तो सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
देहरादून में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। एसएसपी देहरादून ने शहर के सभी पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी हालत में निर्धारित समय सीमा के बाद प्रतिष्ठान संचालित नहीं किए जाएं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर न सिर्फ मुकदमा दर्ज होगा बल्कि लाइसेंस निरस्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सभी कर्मचारियों का 100 प्रतिशत सत्यापन अनिवार्य किया गया है, और उनकी पूरी जानकारी पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने यह भी साफ किया कि किसी भी विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को देना जरूरी होगा। अगर किसी घटना की जानकारी छुपाई गई और बाद में अपराध हुआ, तो संचालक भी जिम्मेदार होंगे।
सभी प्रतिष्ठानों को अपने एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निगरानी और कार्रवाई में आसानी हो सके।
पुलिस ने खास तौर पर देर रात तक पब में बैठने वाले युवाओं और नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर चिंता जताई है। एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए सभी संचालकों को जिम्मेदारी निभानी होगी।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी और शहर का माहौल सुधारने के लिए सख्त कदम लगातार जारी रहेंगे
