उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र के बकानिया गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां जमीन के एक टुकड़े को लेकर चल रहे लंबे पारिवारिक विवाद ने आखिरकार हिंसक और घातक रूप ले लिया. इस विवाद में एक नाबालिग ने अपने ही ताऊ की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, बकानिया गांव में दो सगे भाइयों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. कई बार गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन इस विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया. धीरे-धीरे यह विवाद इतना गहरा हो गया कि दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता चला गया. यह विवाद उस समय चरम पर पहुंच गया जब मृतक का बेटा जमीन के बंटवारे को लेकर अपने चाचा के घर पहुंचा.
वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. पारिवारिक जन स्थिति को शांत कराने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए. आरोप है कि गुस्से में छोटे भाई के नाबालिग बेटे ने घर में रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर उठा ली और अपने ताऊ पर गोली चला दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया. परिवार में कोहराम छा गया और स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घटना में शामिल नाबालिग और उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य एकत्र किए.
मृतक के बेटे ने इस पूरे मामले को सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोप लगाया है कि उनके दादा की मौत के बाद तीन जमीनों का बंटवारा होना था. इनमें से एक जमीन, जिसमें उनके पिता का भी अधिकार था, को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि इसी जमीन को हड़पने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया.
