कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सर गंगा राम अस्पताल ने नया अपडेट जारी किया है. सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में बहुत अच्छा सुधार हुआ है और उनकी स्थिति पूरी तरह से सामान्य है. उन्हें अभी भी आईवी एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं, जो कुछ और दिनों तक जारी रहेंगी.
हालांकि, उनके सभी पैरामीटर्स (स्वास्थ्य संकेतक) सामान्य सीमा के भीतर हैं. उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय उनसे और उनका इलाज कर रहे डॉक्टर के साथ चर्चा करने के बाद संयुक्त रूप से लिया जाएगा. इसके अलावा वे पूरी तरह से स्वस्थ और तंदुरुस्त हैं.
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार सोनिया गांधी की हालत अब काफी बेहतर है. उनके स्वास्थ्य में सुधार दिख रहा है और वह सहज महसूस कर रही हैं. वह टहल-फिर रही हैं और उन्होंने अपना नाश्ता भी प्रॉपर लेना शुरू कर दिया है. कुल मिलाकर, उनके स्वास्थ्य में सुधार की गति सामान्य है और उन्हें जल्दी ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी.
बता दें कि सिस्टमिक इन्फेक्शन के चलते सोनिया गांधी को 24 मार्च को रात 10.22 को भर्ती कराया गया था. उनका एंटीबायोटिक्स से इलाज चल रहा है. यह इलाज डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में हो रहा है. वे इलाज के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रही हैं.
बता दें कि दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण की वजह से उनकी तबीयत पर असर पड़ा है. स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते मंगलवार देर रात उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की तकलीफ महसूस हो रही थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला किया. डॉक्टरों की एक टीम ने उनके स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की तो सिस्टमिक इंफेक्शन का पता चला, जिसके बाद उनका इलाज शुरू कर दिया गया.
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को कई साल से ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या से जूझ है. इससे पहले दिल्ली में पॉल्यूशन के चलते उनको पहले भी जनवरी माह में अस्थमा की समस्या बढ़ने पर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हिमाचल के दौरे के समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. कई दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उनको 11 जनवरी को छुट्टी दी गई थी.
