
टिहरी गढ़वाल पुलिस को नया नेतृत्व मिल गया है। आईपीएस अधिकारी सरिता डोबाल ने जिले की नई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने मां भद्रकाली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। नई टिहरी स्थित पुलिस कार्यालय में पुलिस बल ने उन्हें सलामी देकर स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं।टिहरी गढ़वाल में अब कानून-व्यवस्था की कमान एसएसपी सरिता डोबाल के हाथों में होगी। 27 नवंबर को उन्होंने विधिवत रूप से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया। नई जिम्मेदारी संभालने से पहले उन्होंने मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें औपचारिक सलामी दी।कार्यभार संभालने के बाद एसएसपी ने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से भी संवाद किया और जिले में पुलिसिंग को लेकर अपना विजन साझा किया।एसएसपी सरिता डोबाल ने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना होगा। महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर रहेगा।
