
ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स की 117वीं बैठक के अवसर पर त्रिवेणी घाट परिसर में आयोजित गंगा आरती एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।संध्या के समय त्रिवेणी घाट पर मां गंगा की आरती में देश के विभिन्न राज्यों से आए महापौरों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की अलौकिक रोशनी और भक्तिमय वातावरण ने सभी को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। इसके उपरांत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सुप्रसिद्ध लोक गायक एवं जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि ऋषिकेश केवल एक धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और परंपराओं का वैश्विक केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक धरोहर देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित करती है तथा ऐसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध विरासत को नई पहचान देने का कार्य करते हैं।उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, लोककला और धार्मिक परंपराओं से देशभर के प्रतिनिधियों का परिचय होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।इस अवसर पर ऋषिकेश मेयर शम्भू पासवान,मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल,कुसुम कंडवाल (राज्य महिला आयोग अध्यक्ष),जगमोहन सकलानी (गंगा सभा अध्यक्ष),मेयर हरिद्वार किरण जैसल,दीपू शर्मा,विकास शर्मा मेयर रुद्रपुर मुख्य रूप से मौजूद रहे।
