
राजधानी देहरादून में गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल संकट भी लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी के कई इलाकों में लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। वहीं करणपुर स्थित डीएल रोड क्षेत्र में पिछले करीब दो महीनों से पेयजल संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
इसी समस्या को लेकर आज कांग्रेस नेत्री सुनीता प्रकाश ने राजपुर विधानसभा स्थित डीएल रोड क्षेत्र का दौरा करते हुए पीड़ित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओ को सुना। सुनीता प्रकाश ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या बेहद गंभीर हो चुकी है और लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। कई बार विधायक और पार्षदों को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुनीता प्रकाश ने कहा कि वह स्थानीय लोगों के साथ जल्द ही जल संस्थान के अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या के त्वरित समाधान की मांग उठाएंगी, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
वहीं मोहल्ले की महिलाओं और स्थानीय निवासियों ने भी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि पिछले कई महीनों से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है.
इसके बाद कांग्रेस नेत्री सुनीता प्रकाश और स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को फोन पर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के भीतर क्षेत्र की पेयजल समस्या का निराकरण किया जाए। साथ ही आगामी दिनों में क्षेत्र में एक नए ट्यूबवेल की स्थापना के लिए जल्द स्थान चयनित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
