राजपुर थाना क्षेत्र में हुए गोलीबारी और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या मामले पर सीएम धामी ने बड़ा एक्शन लिया है. घटना पर सीएम धामी ने गहरी नाराजगी जताते हुए सख्त रुख अपनाया है. सीएम धामी ने क्षेत्र-3 मसूरी उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और प्रभारी कुठालगेट चौकी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित एवं हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि रोड रेज, फायरिंग, और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए.सीएम ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा. उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी सख्ती और मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए.
