राजधानी का उत्तर-पूर्वी जिला एक बार फिर गंभीर अपराध से दहल उठा है. नंद नगरी थाना क्षेत्र के सुंदर नगरी इलाके में रविवार दोपहर दिनदहाड़े एक 26 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला किया गया. लूटपाट का विरोध करने पर दो बदमाशों ने युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. फिलहाल पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
पीड़ित की पहचान 26 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई है, जो सुंदर नगरी में एक मेडिकल स्टोर के पास पूड़ी बेचने का काम करता है, दोपहर करीब 1:30 बजे लोकेश अपने घर से कुछ सामान लेकर डिस्पेंसरी वाली गली से गुजर रहा था. इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे. जब लोकेश ने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया तो बदमाशों ने अपना आपा खो दिया. एक आरोपी ने चाकू निकालकर लोकेश पर करीब चार बार वार किए. हमले के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर लोकेश के पिता सिरा राम और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े.
पीड़ित के पिता सिया राम ने बताया कि मेरा बेटा सामान लेने बाहर गया था, अचानक शोर सुना कि चाकू मार दिया, तो मैं तुरंत भागा, वहां दो लड़के लोकेश पर वार कर रहे थे, हमने उसे बचाने की कोशिश की और स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया हालांकि दूसरा आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
