हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रोपडू गांव में बारिश के कारण जोरदार भूस्खलन हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस भूस्खलन के कारण 9 घरों को खाली करने का आदेश दिया गया है। पहाड़ी से गिरते मलबे और पत्थरों ने गांव के लिए खतरा पैदा कर दिया है। इससे एक गौशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई है। निवासियों का मानना है कि पहाड़ी की कटाई आपदा का मुख्य कारण है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि मंडी जिले के रोपडू गांव में पिछले तीन दिनों से जारी रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। एक गौशाला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बड़े-बड़े पत्थर और मलबा पहाड़ी पर खतरनाक तरीके से अटके हुए हैं, जिससे नीचे स्थित गांव के लिए गंभीर और तत्काल खतरा बना हुआ है। भीषण भूस्खलन के बाद नौ घरों को खाली करने को कहा गया है।
अधिकारी और पूर्व प्रधान घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने खतरे में पड़े 9 घरों को खाली करने का निर्देश दिया। भूस्खलन का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया है। गांव के निवासियों ने बताया कि इस समय गांव के ऊपर पहाड़ी काटने का काम चल रहा है।
इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार और गुरुवार को कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और छींटे पड़ने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अगले 5 दिनों में राज्य में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। हालांकि रविवार को मौसम शुष्क रहा और तेज धूप खिली।
