
गंगोत्री धाम पर बीडीएस टीम द्वारा की गयी सघन एंटी-सैबोटाज चेकिंग
चारधाम यात्रा–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और आगामी यात्रा पीक को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा की सुरक्षा एवं सुचारु संचालन हेतु व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
आज श्री गंगोत्री धाम में बीडीएस (Bomb Disposal Squad) टीम द्वारा सघन एंटी-सैबोटाज चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान धाम परिसर, स्नान घाट, पार्किंग स्थल, प्रतीक्षालय एवं आसपास के क्षेत्रों में मेटल डिटेक्टर और आधुनिक डिटेक्शन उपकरणों (BDDS) की सहायता से गहन तलाशी ली गई।
धाम, यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पड़ावों पर सुरक्षा के मद्देनज़र सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है। धामों पर पुलिस, आपदा प्रबंधन टीमों के साथ-साथ एटीएस, बीडीएस एवं अभिसूचना इकाइयों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा को सुरक्षित, सरल एवं सुगम बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। आगामी यात्रा पीक को देखते हुए पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती भी की गई है, जबकि बीडीएस एवं अभिसूचना टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
