दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने चार लोगों पर जमीन बेचने के नाम पर चार करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है. आरोपियों ने रकम लेने के बाद जमीन का बैनामा नहीं किया. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी चीजें सामने आएंगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली के अशोक विहार कॉलोनी निवासी अनिल सिंघल ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने लक्सर के पीपली गांव निवासी यामीन के साथ उसकी 30 बीघा जमीन का सौदा 5 करोड़ 40 लाख रुपये में तय किया था. साल 2023 में उन्होंने 51 लाख की रकम एडवांस देकर जमीन का एग्रीमेंट करा लिया था. लेकिन इसके बाद आरोपी उनसे रकम लेते रहे, पंरतु जमीन का बैनामा कराने के नाम पर बहाना बना कर टालते रहे. आरोपी यामीन, इदरीश निवासीगण पीपली, आशू उर्फ असवद निवासी सराय और शौकीन निवासी लक्सर ने उनसे 29 मई 2023 से लेकर 20 अप्रैल 2025 तक अलग-अलग किश्तों में 4 करोड़ की रकम ली.
लेकिन जमीन का बैनामा नहीं कराया. इस दौरान उन्हें जमीन पर लोन होने और आरोपियों के 2-3 लोगों से जमीन का बयाना लेने की जानकारी हुई. जिसके बाद उन्होंने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में में मुकदमा दायर किया था. लेकिन आरोपियों ने उनसे माफी मांगते हुए मुकदमा वापस लेने और जमीन पर कब्जा देने की बात कहकर रोक लिया. लेकिन इसके बाद वह जब जमीन पर कब्जा लेने गए तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है, जांच के उपरांत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
बता दें कि लक्सर क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है, इससे पूर्व भी कई मामले सामने आ चुके हैं. बीते दिनों हिरनाखेड़ी निवासी प्रीतम सिंह ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर 17 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था. इस मामले में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल परमार ने बताया था कि पीड़ित प्रीतम की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोप गंभीर हैं. मामले में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका खंगाली जाएगी.
